न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अलीगढ़ रोड पर स्थित नवनिर्मित पं. दीनदयाल अंत्योदय आश्रय स्थल का नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने उद्घाटन किया। इस शेल्टर होम का नगर पालिका रैन बसेरा के रूप में भी इस्तेमाल करेगी। नगर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि इस शेल्टर होम में निराश्रित व ऐसे लोग जिन के सिर पर छत नहीं है अथवा यात्री नि:शुल्क रह सकेंगे। नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा शीत ऋतु में इसका प्रयोग रैन बसेरा के रूप में किया जाएगा।
रैन बसेरा में आने वाले नागरिकों को सर्दी में परेशानी का सामना न करना पडे़ और बेसहारा लोग भी इस रैनबसेरा में सरकार की नीति के अनुरूप अपना जीवन यापन भी कर सकें। इस आश्रय स्थल में सौ बिस्तर मय रजाई, गद्दा, तकिया, कंबल, शौचालय, हीटर, पीने का आरओ पानी, जैसी कई सारी व्यवस्थाएं हैं। उन्होंने बताया कि इस आश्रय स्थल में साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
उन्होंने लोगों से कहा कि जो लोग यहां रुकें वह शेल्टर होम में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें और शेल्टर होम में प्रवेश लेने के लिए आधार कार्ड भी अपने साथ अवश्य लाएं। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष के साथ अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक संदीप भार्गव, रामबहादुर पटेल, स्वच्छता निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक अभियंता (सिविल) डंबर सिंह, वरिष्ठ लिपिक विद्यासागर, नजूल अमीन आशीष अस्थाना, सभासद नारायनलाल आदि मौजूद थे। संवाद