चालक को आई झपकी, कार पलटी, आठ लोग घायल
भरतपुर निवासी सभी घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के मथुरा रोड कंचना के निकट आधी रात को कार पलट गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर आ गए। भरतपुर निवासी सभी घायलों को रात एक बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राजस्थान के जनपद भरतपुर के कस्बा डीग निवासी एक परिवार के लोग एक समारोह में शामिल होकर कार में सवार होकर लौट रहे थे। इस बीच मुरसान के कंचना रेलवे फाटक के निकट कार चालक को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। यह देखकर यहां पर मौजूद कुछ लोग दौड़े और कार में फंसे आठ महिला व पुरुषों को बाहर निकाला गया।
घायलों में अनिल व यशपाल सिंह पुत्रगण बहादुर सिंह, दीपक पुत्र महावीर, अनीता पत्नी अनुराग सिंह, दीक्षा पत्नी अनिल, रुकमा देवी पत्नी रामबाबू, कुसुमा देवी पत्नी यशपाल और विष्णु पुत्र भगवान सिंह के नाम शामिल हैं। इन सभी को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य लाभ के बाद सभी वहां से चले गए।