गांव कोटा में राष्ट्रीय हनुमान दल के पदाधिकारी को नजर बंद करती पुलिस। संवाद
- फोटो : Samvad
राष्ट्रीय हनुमान दल के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सोमवार को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। ये सभी वृंदावन को शराब और मांस की बिक्री से मुक्त कराने के लिए चल रहे धरने में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के बाद कार्यकर्ता गांव कोटा स्थित अपने कार्यालय से बाहर नहीं निकल सके।
राष्ट्रीय हनुमान दल के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र रावत के नेतृत्व में यह दल वृंदावन जा रहा था। इसमें ब्रज प्रांत अध्यक्ष मुकेश सारस्वत, संरक्षक हरिओम शर्मा, जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह, क्षेत्रीय मंत्री पप्पू मुखिया, बल्देव सिंह, डालचंद, राहुल उपाध्याय, धर्मपाल सिंह, गंभीर सिंह और शिवराम सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
ब्रज प्रांत अध्यक्ष मुकेश सारस्वत ने बताया कि उनका संगठन वृंदावन सहित पूरे ब्रज क्षेत्र को शराब और मांस की बिक्री से मुक्त कराने की मांग का समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि इसी मांग पर वृंदावन में धरना जारी है और संगठन के सदस्य उसमें शामिल होने जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने फिलहाल उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया है, लेकिन भविष्य में मौका मिलते ही वे अपनी टीम के साथ वृंदावन पहुंचकर धरने में शामिल होंगे और अपनी मांग के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि ब्रज क्षेत्र की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को देखते हुए इसे मदिरा और मांस से मुक्त कराने के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा।