संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस। जिले के आधा दर्जन लोगों के आगरा स्थित पारस हॉस्पिटल में इलाज कराने की जानकारी मिलने के बाद यहां जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। डीएम ने सभी लोगों को तत्काल क्वारंटीन करते हुए स्वास्थ्य चेकअप कराने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि आगरा में पारस हॉस्पिटल के चिकित्सक व पेरामेडिकल स्टाफ व मरीजों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद आगरा जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। सभी संक्रमित मरीजों का यात्रा इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही आगरा में पारस हॉस्पिटल में इलाज के लिए आए मरीजों की कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रेस की जा रही है। आगरा प्रशासन की स्कैनिंग के दौरान सामने आया है कि जिले के आधा दर्जन लोग पारस हॉस्पिटल में अपना इलाज कराने के लिए गए थे। अब आगरा प्रशासन ने इस सूची को जिला प्रशासन हाथरस को भेज दिया है। इस सूची के मिलने के बाद यहां प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की नींद उड़ गई है। सूची मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उक्त लोगों का स्वास्थ्य चेकअप शुरू कर दिया है और क्वारंटीन किया जा रहा है।
- आगरा प्रशासन की ओर से सूची दी गई थी। यहां जिले के करीब आधा दर्जन लोगों के पारस हॉस्पिटल में इलाज में जाने की सूचना मिली है। सभी लोगों के स्वास्थ्य चेकअप कराने के लिए सीएमओ को निर्देश दिए हैं। सभी को क्वारंटीन किया जा रहा है।
- प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम