प्रभारी मंत्री सुरेश राणा के समक्ष भाजपा समर्थक व्यापारियों ने जीएसटी जिंदाबाद के नारे लगाए। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने जीएसटी के प्रावधानों से परेशान व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। वाणिज्य कर के अधिकारियों ने व्यापारियों के समस्याओं का समाधान किया।
अलीगढ़ के ताला पर 18 प्रतिशत एवं हार्डवेयर पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगाने के साथ-साथ पहली बार कपड़े को कर के दायरे में लाये जाने से परेशान व्यापारी अपनी फरियाद लेकर शुक्रवार को कमिश्नरी में प्रभारी मंत्री के पास पहुंचे। कई संगठनों के नेताओं के साथ प्रभारी मंत्री कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा की मौजूदगी में बैठक की और उनकी समस्याएं सुनीं। वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी व्यापारियों को समाधान बताकर समझाने का प्रयास कर रहे थे। प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि भले ही आज आप को जीएसटी के कुछ प्रावधानों से एतराज हो, लेकिन महीने भर बाद आप लोग स्वयं इसके फायदे बताएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि विपरीत स्थित में संशोधन का रास्ता खुला हुआ है। इससे पूर्व वाणिज्य कर के अधिकारियों ने डेमो के माध्यम से जीएसटी के फायदे गिनाए। व्यापारी नेता अनुराग गुप्ता ने जीएसटी में व्यापारियों के जेल भेजने के प्रावधान पर सवाल खड़ा किया तो प्रभारी मंत्री ने कहा कि आप चिंता न करें, हम किसी को गिरफ्तार नहीं होने देंगे। कार्यक्रम में जिले के तमाम बड़े अधिकारियों के साथ कई व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे।
इस दौरान औद्योगिक आस्थान उत्पादन समिति के विजय बजाज, दिनेश शास्त्री, तालानगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन के सुनील दत्ता एवं नेकराम शर्मा, लघु उद्योग भारती के मुकेश जिंदल एवं गौरव मित्तल, लॉक्स एंड हार्डवेयर निर्माता एसोसिएशन के पवन खंडेलवाल, दीपक अग्रवाल, अलीगढ़ ताला औद्योगिक एसोसिएशन के चंद्रशेखर शर्मा, व्यापारी नेता हरिकिशन अग्रवाल, ओम प्रकाश मास्टर, अनिल सेंचुरी, ओपी राठी, वीके मित्तल, प्रदीप गंगा, श्याम राजमहल, अन्नू बीड़ी, मुनेंद्र वार्ष्णेय, अन्नू बीड़ी, वाईएम झा आदि मौजूद रहे।