शासन ने नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत 10 दुधारू स्वदेशी उन्नत नस्ल के गोवंश की मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना की शुरुआत की है। इसके तहत 10 दुधारू गोवंश की गोशालाएं स्थापित की जाएंगी, जिसके लिए गोपालकों को 50 फीसदी अनुदान मिलेगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 10 दुधारू गोवंश की आठ इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य जिले को मिला है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 23.60 लाख रुपये होगी। लाभार्थियों को प्रति इकाई परियोजना लागत का 50 प्रतिशत अधिकतम 11.80 लाख की सीमा तक अनुदान दो समान किस्तों में देय होगा।
इकाई की स्थापना के लिए लाभार्थी अंश 15 फीसदी, बैंक द्वारा ऋण 36 फीसदी और अनुदान की धनराशि परियोजना लागत की 50 फीसदी देय होगी। कैटेल शेड का निर्माण मानकीकृत डिजायन के अनुरूप किया जाएगा। योजना के संबंध में आवेदन नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल https://nandbabadugdhmission.up.gov.in पर ऑनलाइन किया जा सकेगा। आवेदक 14 जुलाई से 13 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।