पांच हजार भक्तों के लिए तैयार हो रही प्रसादी
शहर की प्रमुख श्रीकृष्ण गोशाला में गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां गोवर्धन महाराज की विशाल प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन और परिक्रमा की जाएगी। गोशाला प्रबंधन की तरफ से करीब पांच हजार श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट प्रसादी तैयार कराई जा रही है। इसके लिए मालपुआ, पूड़ी, विशेष कढ़ी और विविध सब्जियों से युक्त अन्नकूट प्रसाद तैयार कराया जा रहा है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को यह प्रसाद वितरित किया जाएगा। सोमवार को यहां छप्पन भोग लगाया गया। देर शाम तक यहां दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
विधायक ने गोशाला में की गोवर्धन पूजा
सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने सोमवार को महामई सलामतनगर स्थित गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। उन्होंने गोमाता और नंदी की पूजा-अर्चना कर गुड़ का प्रसाद खिलाया। विधायक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गोमाता का विशेष महत्व है। गोसेवा और संरक्षण हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष मुकुल गुप्ता, प्रशासक सत्यप्रकाश यादव, मीरा माहेश्वरी, लोकेश, कमलनयन वार्ष्णेय, किशनवीर यादव, विकाश पुंढीर, विकास यादव, संतोष पोरुष आदि मौजूद रहे।
अन्नकूट प्रसाद किया वितरित
सिकन्दराराऊ नगर के मोहल्ला बगिया बारहसैनी में सोमवार को गोवर्धन पूजा के मौके पर अन्नकूट महाप्रसाद का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की पूजा की और प्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्था में मनीष कुमार, शिव मौसा, बृजेश कुमार, शैलेंद्र कुमार, चंद्रेश वार्ष्णेय, कृष्णगोपाल वार्ष्णेय, योगेश नगरिया, श्याम मूर्ति वार्ष्णेय आदि का सहयोग रहा।