पंजाब नेशनल बैंक के ऑडिटर की पत्नी के गले से किसी शातिर ने सोने की चेन पार कर दी। ई-रिक्शा में सफर करने के दौरान घटना काे अंजाम दिया गया। इस मामले में रिपोर्ट दर्जकर पुलिस सीसीटीवी के जरिये ई-रिक्शा व उसमें बैठे लोगों की पहचान करने में जुटी है।
लखीमपुर खीरी के मोहल्ला मिश्राना के रहने वाले अंकित तिवारी 13 जुलाई को स्थानीय बैंक शाखा का ऑडिट करने के लिए हाथरस आए थे। वे अपनी पत्नी शुभ्रा मिश्रा के साथ आगरा रोड स्थित होटल में ठहरे। 25 जुलाई की सुबह उनके पेट में तेज दर्द उठा। बैंक कर्मी की सलाह पर वे अलीगढ़ रोड स्थित फिजीशियन के क्लीनिक पर पहुंचे, जहां उनका उपचार हुआ।
उन्होंने एक दिन पहले भी चिकित्सक को दिखाया था, लेकिन जल्दी में पर्चा होटल पर ही भूल आए थे। पति के भर्ती होने के कारण शुभ्रा पर्चा लेने ई-रिक्शा से होटल तक गई थीं। वे ई-रिक्शा से नीचे उतरीं तो उनके गले में सोने की चेन नहीं थी। इधर, तब तक ई-रिक्शा चालक भी वहां से निकल गया।
उपचार कराने के बाद अंकित पत्नी के साथ कोतवाली सदर पहुंचे तथा मामले में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि प्रकरण में टीम लगा दी गई हैं, छानबीन की जा रही है।