हाथरस रेलवे लाइन के समीप कुछ दिन पूर्व गोकशी के मामले में आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम को स्थानीय लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। यह लोग पुलिस पर हमलावर हो गए और आरोपी को पुलिस से छुड़ा लिया। भीड़ ने पुलिस कर्मियों से खींचतान और धक्का-मुक्की भी की, जिससे एक पुलिस कर्मी को चोट भी आई है।
बाद में जब ज्यादा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तब जाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सका। हालांकि कोतवाली निरीक्षक का कहना है कि पुलिस कर्मियों से सिर्फ खींचतान हुई थी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व रेलवे लाइन के समीप गोवंश के कटे हुए अवशेष के साथ कुल्हाड़ी और अन्य औजार बरामद किए गए थे।
कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ गाय के मालिक ने गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को सूचना मिली कि एक आरोपी मोहल्ला नौखेल का है और अपने घर पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस जीप में कुछ सिपाही आरोपी को पकड़ने उसके घर गए।
आरोपी शाहिद उर्फ सागर पुत्र फखरुद्दीन को पकड़कर जब पुलिस लाने लगी तो मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए। आरोपी को पुलिस की पकड़ से छुड़ाने को प्रयास करने लगे। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो खींचतान होने लगी। इस दौरान कांस्टेबल शीलेश की कोहनी में चोट लग गई।
हालात काबू से बाहर जाते देख तत्काल और पुलिस बल मौके पर बुलवा लिया गया। ज्यादा फोर्स के पहुंचते ही मोहल्ले वाले पीछे हट गए। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें कोतवाली ले गई।
बाद में इनमें से एक को छोड़ दिया गया। मामले में शाहिद के अतिरिक्त हबीव पुत्र सद्दीक की भी गिरफ्तारी की गई है। भाजपा नेता विवेकशील राघव, नरेंद्र सिंह चौहान, युवा नेता बृजेश चौहान ने पुलिस बल को बधाई दी है।
जब एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ा तो वह अपनी मां से लिपट गया, उसे छुड़ाने में कांस्टेबल की कोहनी छिल गई। दोनों आरोपियों को गोकशी के आरोप में जेल भेजा जा रहा है।
- राजवीर सिंह, कोतवाली निरीक्षक सिकंदराराऊ