सीबीएसई का रिजल्ट आने के बाद खुशी का इजहार करते सादाबाद के सेंट विवेकानंद सीनियर सेंकेंड्री स्कूल में बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। यूपी बोर्ड के बाद सीबीएसई इंटरमीडिएट में भी लड़कियों ने बाजी मार ली। यहां पर जिले की टॉप टेन सूची में शामिल 13 विद्यार्थियों में सात लड़कियां हैं। कोई कुछ भी कहे, लेकिन लड़कियां किसी भी पायदान पर लड़कों से पीछे नहीं हैं। तभी तो विभिन्न क्षेत्रों में अपने हुनर और ज्ञान का डंका बजा रही हैं। गुरुवार को आए सीबीएसई के परीक्षा परिणाम में भी बेटियां आगे रही हैं। वहीं टॉप थ्री में राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर हाथरस की ऋतु सेंगर और सेंट फ्रांसिस की प्रशस्ति वार्ष्णेय और सृष्टि परिहार तीसरे पायदान पर आई हैं।
किसान की बेटी ने सीबीएसई इंटरमीडिएट में जनपद टॉप किया है। राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर कॉलेज की छात्रा है। भले ही वे अब शहर में रहते हैं, लेकिन उनका लगाव अपने गांव मोहब्बतपुरा से पूरा हैं। वहां पर पिता खेती करते हैं। मां शिक्षिका हैं। उसने सीबीएसई में कक्षा 12 में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
सीबीएसई इंटरमीडिएट का गुरुवार को रिजल्ट आया। एक साधारण की दिखने वाली राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर की छात्रा ऋतु सेंगर पुत्री मनोज सेंगर निवासी मोहब्बतपुरा हाथरस जंक्शन हाल निवासी प्रकाश टेक्सटाइल्स कंपाउंड निवासी ने जिला टॉप कर सभी को हैरान कर दिया है। हालांकि उसकी बड़ी बहन भी मेधावी है।
पिता भले ही किसान हैं, लेकिन मां बृजेश वर्मा बेसिक के स्कूल यूपीएस वाहनपुर में पढ़ाती हैं। वहीं दादी उर्मिला देवी बेसिक शिक्षा विभाग से रिटायर हैं। बेटी की सफलता से पूरा परिवार बेहद खुश हैं। सभी के चेहरे पर बेटी की कामयाबी की खुशी साफ झलक रही थी। वहीं ऋतु सेंगर भी काफी खुश नजर आईं।