संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बिटिया प्रकरण में मचे बवाल के बीच चंदपा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से कोरोना की जांच के लिए सैंपल भी लिए जा रहे हैं। रविवार को बिटिया के परिवार वालों के कोरोना जांच के लिए नमूने लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची, लेकिन परिवार वालों ने खुद को कोरोना नहीं होने की बात कहते हुए नमूने देने से मना कर दिया। इलाके में आने वाले दिनों में भी कोरोना जांच के लिए नमूने लेने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
चंदपा प्रकरण के बाद यहां पर देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। इस कारण कोविड-19 का संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। इस इलाके में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पिछले दो दिनों से लोगों के कोरोना जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं। शुक्रवार को 27 ग्रामीणों के सैंपल लिए गए और 16 पुलिस कर्मियों की भी कोरोना की जांच की गई। जांच में सभी निगेटिव निकले हैं।
शनिवार को भी स्वास्थ विभाग की टीम ने शिविर लगाकर 24 लोगों का नमूना लिया। इसमें यह सभी निगेटिव पाए गए। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम बिटिया के परिजनों की कोरोना जांच के लिए नमूना लेने उसके घर पहुंची, लेकिन परिवार वालों ने सैंपल नहीं दिए। टीम वापस लौट आई।
- पीड़ित परिवार के लोगों द्वारा कोरोना जांच के लिए नमूने नहीं दिए गए हैं। हमारी टीम गांव में सैंपल लेने गई थी, लेकिन उनके मना करने पर टीम वापस आ गई। - डॉ. बृजेश कुमार राठौर, सीएमओ हाथरस