पान मसाले के शौकीनों को सावधान हो जाने की जरूरत है। बाजार में बिक रहे मशहूर पान मसाले आपको कैंसर का मरीज बना सकते हैं। शहर से लिए गए गोल्ड मोहर और विमल पान मसाले के नमूने में कैंसर पैदा करने वाला पदार्थ गैंबियर पाया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की लैब की जांच में यह मिलावट सामने आई है। इन नमूनों को असुरक्षित करार दिया गया है।
डीओ देवाशीष उपाध्याय ने बताया कि विभागीय टीम ने गत माह केलामाई जनरल स्टोर मधुगढ़ी रोड से विमल पान मसाला और मुरसान गेट स्थित रमनकुमार के प्रतिष्ठान से गोल्ड मोहर पान मसाले का नमूना लिया था। इसे जांच के लिए लखनऊ स्थित विभागीय लैब भेजा गया था। विभागीय लैब से मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में सामने आया कि इन दोनों पान मसालों में कत्थे की जगह केमिकल गैंबियर का इस्तेमाल किया गया है, जो कि स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है।
उन्होंने बताया कि उत्पादक सस्ते के चक्कर में पान मसाले में कत्थे की जगह गैंबियर मिला रहे हैं। अब इन दोनों कंपनियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि गैंबियर को कत्थे की जगह पान मसालों में इस्तेमाल किया जा रहा है। यह पान की तरह ही मुंह की लाली देने में सहायक होता है। इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इससे कैंसर होने की संभावना तो बढ़ती ही है, साथ ही आंत एवं त्वचा के लिए भी बेहद नुकसानदेह माना जाता है। बताते हैं कि सामान्य तौर पर गैंबियर केमिकल का इस्तेमाल चमड़े को रंगने में भी किया जाता है।