कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालिका से मशीन दिलाने के नाम पर 49.28 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपी ने मशीन उपलब्ध नहीं कराई।
रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सीओ के आदेश पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ज्योति यादव पत्नी सतीश कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि उनका हितांशी अल्ट्रासाउंड सेंटर पीएसी रोड, मारहरा, एटा में है।
उन्होंने एसएन मेडिकल सिस्टम, अटाली, फरीदाबाद के संचालक संदीप अत्रिश से मशीन का 49.28 लाख रुपये में सौदा किया था। उन्होंने 32 लाख रुपये बैंक के माध्यम से और 17.28 लाख रुपये नकद दिए। आरोपी ने दो-तीन सप्ताह में मशीन लगाने का आश्वासन दिया, लेकिन मशीन नहीं दी। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। संवाद