हाथरस। शहर के बालापट्टी, विद्यापति नगर सहित आसपास के कई इलाकों की बिजली लगातार चौथे दिन गुल रही। बिजली सप्लाई सुचारू किए जाने के लिए विभाग रविवार को भी समाधान नहीं निकाल सका। इस वजह से स्थानीय बाशिंदों में महकमे के अफसरों के प्रति बेहद गुस्सा रहा।
बीते गुरुवार को मथुरा रोड पर प्रेम नगर कॉलोनी के निकट एक नव विकसित कॉलोनी के ऊपर से जा रही हाइटेंशन लाइन को हटाने को लेकर लोगों ने काफी हंगामा किया था और एक ठेकेदार का सिर भी फाड़ दिया था और स्वयं ही अपने मकानों के ऊपर से जा रही विद्युत लाइनों को काट डाला था, जिस वजह से बालापट्टी, विद्यापति नगर, लाला का नगला आदि इलाकों की बिजली गुल हो गई थी। दूसरे दिन शुक्रवार को बिजली सुचारू नहीं हुई तो लोगों ने मुरसान गेट बिजलीघर पर हंगामा काटा। शनिवार को मुरसान गेट पर जाम लगा दिया था, लेकिन वाबजूद इसके रविवार को भी महकमे के अधिकारी सिर्फ आराम फरमाते रहे। चौथे दिन भी तार यूं ही कटे हुए पड़े रहे। इन इलाकों की बिजली सुचारू करने के विभाग कोई समाधान नहीं निकाल सका। लोगों में महकमे के खिलाफ काफी आक्रोश बना रहा।