हाथरस। ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में सुबह से ही मतदान करने के लिए बूथों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे सुबह से ही मतदान का प्रतिशत लगातार तेजी से बढ़ता रहा। सभी प्रत्याशी अपने पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए लगातार भागदौड़ कर घरों से मतदाताओं को बाहर लेकर आते रहे।
तीसरे चरण में प्रथम और दूसरे चरण के मतदान से भी अधिक 73.75 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान हुआ। हाथरस में 73.83 प्रतिशत एवं मुरसान में 73.67 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे पूर्व सिकंदराराऊ व हसायन में 71.54 और सादाबाद व सहपऊ में 73 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस तरह इस बार दूसरे चरण से 0.75 फीसदी अधिक मतदाताओं ने वोट डाले हैं।
ग्राम पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के मतदान में हाथरस और मुरसान ब्लॉक में भी ऐनवक्त तक एक-एक वोट के लिए मारामारी मची रही। प्रत्याशी और उनके एजेंट सुबह से ही अपने वोटरों को घरों से निकालकर बूथों तक पहुंचाने की कोशिश में जुटे रहे। जो जिस हालत में था, उसी हालत में उसे वोट डलवाने ले आया गया।
कोई किसी को साइकिल पर लेकर पहुंचा। किसी ने अपने वोटरों को टेंपो की सुविधा दी। किसी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली भिजवा दी तो कोई निजी गाड़ी से वोटरों को लेकर बूथ तक पहुंचाता दिखा। हालांकि दूसरे पक्ष ने इसकी शिकायत भी की।