संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ (हाथरस)।
कासगंज रोड पर सोमवार की रात को बोलेरो गाड़ी और ट्रक की टक्कर से हुए भीषण हादसे के निशां मंगलवार की सुबह तक मौके पर दिखाई दिए। एक तरफ खड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त बोलेरो गाड़ी और दूसरी तरफ खड़े ट्रक से गिरकर चारों तरफ बिखरीं गाजर हादसे की भयावहता को बयां कर रहे थे। इस दुर्घटना की रिपोर्ट ट्रक चालक के खिलाफ मृतक के परिजन ने दर्ज करा दी है।
बता दें कि राजस्थान के अलवर जिले के थाना राजगढ़ क्षेत्र के गांव बूचपुरी निवासी छह से ज्यादा लोग बोलेरो गाड़ी में सवार होकर पित़रों लिए तर्पण करने सोरों गंगाघाट जा रहे थे। राजस्थान से रोजाना बड़ी संख्या में गाड़ियां गंगा स्नान के लिए सोरों जाती हैं। इनके अलावा राजस्थान रोडवेज की बसों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोरों गंगाघाट आते हैं। सोमवार की रात को करीब साढ़े दस बजे यात्रियों से भरी बोलेरो गाड़ी जैसे ही कासगंज रोड स्थित नगला जलाल बिजलीघर पर पर पहुंची, वैसे ही कासगंज की तरफ से गाजरों की बोरियों से लदा ट्रक इस गाड़ी के पास आते ही उसके ऊपर चढ़ गया और पलट गया।
ट्रक में गाजर की वजनी बोरियां लदी थीं। इस कारण इसके वजन से बोलेरो गाड़ी पूरी तरह दब गई। आते-जाते वाहनों में सवार लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने उतरकर शोर मचाया। मौके पर नजदीकी गांव नगला जलाल के ग्रामीण भी आ गए। पुलिस बल भी तत्काल मौके पर पहुुंच गया। किसी तरह बोलेरो गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक रामबक्सी (35 वर्ष) पुत्र राजपाल, गुल्लीबाई (10 वर्ष) पुत्री विश्राम मीणा, रामनिवास (30 वर्ष) पुत्र हरीराम, चालक मदनलाल (26 वर्ष) पुत्र कैलाशचंद्र सभी निवासीगण राजगढ़ अलवर की मौत हो चुकी थी।
घायलों में सोराम (35 वर्ष) पुत्र रतनलाल मीणा, पप्पूराम (45 वर्ष) पुत्र सांवल्याराम मीणा, मीरा देवी (35 वर्ष) पत्नी स्व. विश्राम मीणा, आनंद कुमार (25 वर्ष) पुत्र लहरी मीणा सभी निवासीगण बूचपुरी राजगढ़ अलवर राजस्थान को गंभीर हालत में रेफर दिया गया। घटना की रिपोर्ट ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज करा दी गई है। कोतवाल प्रवेश राणा, इंस्पेक्टर क्राइम योगेंद्र सिंह, कांस्टेबल अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। तत्परता से क्रेन मंगाकर बोलेरो गाड़ी के ऊपर चढ़े ट्रक को हटवाया गया। तब जाकर बाकी लोगों की जान बचाई जा सकी।