जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी और मोबाइल छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने डिजिटल तकनीक का सहारा लेते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बाइक और तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं।
एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम और सर्विलांस टीम ने यूपी-112 के डेटा का विश्लेषण कर गूगल मैप के माध्यम से चोरी के हॉटस्पॉट चिन्हित किए। इसी आधार पर सासनी पुलिस ने शुक्रवार को किला सासनी के पास चेकिंग के दौरान चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में हर्दपुर सासनी निवासी गौतम व अंकित, समुरतगढ़ी सासनी निवासी पुष्पेंद्र और पर्वतिया कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी फरमान शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह के रूप में वाहन चोरी और मोबाइल छिनैती की घटनाएं करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सासनी, फरीदाबाद और पलवल सहित अन्य क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। बरामद बाइक और मोबाइल के संबंध में पुलिस जांच कर रही है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। संवाद