मवेशियों के मरने की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम, कोतवाल
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
आगरा रोड पर कृष्णा इंटर कॉलेज रोड स्थित एक मकान के अंदर प्लाट की दीवार गिरने से बाड़े में बंधे चार मवेशियों की मौत हो गई। सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार, सीओ ब्रह्म सिंह और कोतवाल डीके सिसौदिया और क्षेत्रीय लेखपाल व राजस्व निरीक्षक भी पहुंच गए। इस मामले में कोतवाली में तहरीर भी दी गई है।
कृष्णा इंटर कॉलेज रोड सादाबाद निवासी हरीचंद्र पुत्र सालिगराम और मुकेश कुमार पुत्र हरीचंद्र ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी दो भैंस और दो पड़िया अपनी जगह में बंधी हुईं थीं, मंगलवार की दोपहर को पड़ोसी के प्लाट की दीवार उनकी भैंस व पड़िया पर गिर गई, जिससे मौके पर ही मलबे में दबकर चारों मवेशियों की मौत हो गई। घटना के दौरान वह अपने मवेशियों को चारा डाल रहे थे, दीवार गिरने की वजह से वह भी बाल बाल बच गए। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने कई बार पड़ोसी से दीवार झुकी होने के बारे में शिकायत की थी और अवगत भी कराया था कि दीवार गिर सकती है, लेकिन उक्त पड़ोसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। तहरीर में कानूनी कार्यवाही की मांग की गई है।