महाशिवरात्रि पर शिव भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाथरस से गंगाघाट सोरोंजी और राजघाट जाने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए चार अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की जा रही है।
13 फरवरी की दोपहर और शाम से इन अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ने की संभावना को देखते हुए बसों के रूट, समय और स्टॉपेज के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है।
बसों को मुख्य रूप से उन स्थानों से संचालित किया जाएगा, जहां से बड़ी संख्या में शिव भक्त गंगा जल लेने के लिए सोरोंजी और राजघाट की ओर रवाना होते हैं। हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि यदि श्रद्धालुओं की संख्या अनुमान से अधिक बढ़ती है तो अतिरिक्त बसों की संख्या में और इजाफा किया जाएगा। इसके लिए डिपो स्तर पर बसों और चालक-परिचालकों की ड्यूटी सूची भी तैयार की जा रही है।