मथुरा रोड पर कलेक्ट्रेट के निकट 322 करोड़ रुपये की लागत से हाथरस जिला न्यायालय के नए भवन का निर्माण होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग अलीगढ़ को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने 17 जनवरी को जिला न्यायालय के भवन का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस दौरान उपस्थित रहे। कार्यक्रम चंदौली जिले में हुआ, जबकि बाकी जिले के न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी वर्चुअल माध्यम से इससे जुड़े।
विज्ञापन
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश बंसल ने बताया कि जिला न्यायालय परिसर में बने वर्चुअल रूम में न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में वह शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़े। इस दौरान जिला जज विनय कुमार, एडीजे प्रथम महेंद्र श्रीवास्तव, एडीजे विजय कुमार श्रीवास्तव, सिविल जज जूनियर डिवीजन श्रुति त्रिपाठी, एसीजेएम दीपकनाथ सरस्वती, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सचिव विनोद शर्मा, सह सचिव भानुप्रताप, जिलाधिकारी अतुल वत्स व एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा मौजूद रहे।
बता दें कि मथुरा रोड पर कलेक्ट्रेट के निकट 322 करोड़ रुपये की लागत से जिला न्यायालय के नए भवन का निर्माण होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाथरस के अलावा चंदौली, महोबा, अमेठी, शामली और औरेया में भी एकीकृत न्यायालय भवन बनने जा रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि शिलान्यास के बाद अब जिला न्यायालय के भवन का निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ेगा।