जलेसर रोड पर एक डेयरी से एसडीएम के साथ दूध के नमूने संग्रहित करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम
- फोटो : SADABAD
जलेसर रोड और गांव नगला ब्राह्मण स्थित दूध की डेयरियों पर एसडीएम राजेश कुमार के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दोनों डेयरियों पर दूध विक्रय करने आए दूध विक्रेताओं से दूध के तीन नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में आए एफएसओ नीरद पांडेय, केएल वर्मा ने एसडीएम राजेश कुमार के निर्देशन में जलेसर रोड स्थित एक डेयरी पर छापा मारा। छापे से डेयरी पर खलबली मच गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार चौरसिया ने बताया कि जलेसर रोड स्थित डेयरी पर दूध बेचने आए एक दूध विक्रेता से दूध का नमूना लिया गया है। इसके अलावा गांव मई और सादाबाद कस्बे के बिजलीघर रोड पर भी आइसक्रीम विक्रेताओं के यहां निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ सफाई रखने और एक्सपायरी डेट का सामान न बेचने के संबंध में सख्त दिशा निर्देश दिए गए। वहीं सहपऊ क्षेत्र के गांव नगला ब्राह्मण स्थित एक अन्य डेयरी से भी दूध के दो नमूने एकत्रित किए गए हैं। यह दोनों नमूने डेयरी पर दूध विक्रय करने आए दूध विक्रेताओं से लिए गए हैं। यह दूध विक्रेता दूध कलेक्शन सेंटरों से दूध लाकर डेयरियों पर विक्रय कर रहे थे। दूध के तीनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।