सड़क दुर्घटना में घायल युवक का सीएचसी पर होता उपचार
- फोटो : संवाद
हाथरस में सहपऊ अंतर्गत सादाबाद-जलेसर मार्ग पर 4 अक्तूबर सुबह दो बाइकों के भिड़ने से पांच लोग घायल हो गए। इनमें जीजा और उनके दो साले एक बाइक पर थे और दूसरी बाइक पर दो अन्य लोग सवार थे। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर तीन व्यक्तियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से छुट्टी दे दी गई।
सहपऊ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गांव सुल्तानपुर निवासी लाखन सिंह की पत्नी की तबीयत खराब हो गई थी। उनके साले सूरज और रवि निवासी गांव मदोकर देहात कोतवाली जमालपुर जनपद बांदा अपनी बहन को देखने आ रहे थे। जलेसर रोड मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद वे जीजा लाखन के साथ बाइक से सुल्तानपुर जा रहे थे। इधर, जनपद एटा के गांव मरगांव कोतवाली निधौली कला निवासी धीरज सिंह और जयवीर सिंह मथुरा से बाइक से गांव लौट रहे थे।
सादाबाद-जलेसर मार्ग पर गांव नगला मेवा के पास श्रीराम हॉस्पिटल के आगे दोनों की बाइक आपस में टकरा गई। जिससे पांचों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं राहगीरों ने उनको उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। लाखन सिंह, जयवीर सिंह और धीरज सिंह की हालत गंभीर होने पर उनको जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया गया। सूरज और रवि को उपचार के बाद सीएचसी से छुट्टी दे दी गई है।