फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: ठंड में बढ़ा हार्ट अटैक का खतरा एक हफ्ते में पांच लोगों की मौत

विज्ञापन
बागला जिला अस्पताल की ओपीडी में लगी मरीजों की कतार। संवाद - फोटो : samvad
विज्ञापन
ठंड में सिकुड़ती रक्त वाहिकाओं के कारण हृदय रोग के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन लोगों को अधिक खतरा है, जिनकी वाहिकाओं में वसा जमा है। रक्त गाढ़ा होने के साथ ही हृदय पर दबाव बढ़ता है। देरी होने पर हार्ट अटैक या मांसपेशियां क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। नौबत एंजियोप्लास्टी या बाईपास सर्जरी तक पहुंच जाती है। एक सप्ताह में ही दो महिलाओं सहित पांच ऐसे लोग जिला अस्पताल पहुंचे, जिन्हें अचेत अवस्था में लाया गया और यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन





40 वर्ष से अधिक उम्र वाले रखें ध्यान
फिजीशियन डाॅ. वरुण चौधरी ने बताया कि ठंड में 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को अधिक ख्याल रखने की आवश्यकता है। सर्दी में रक्त वाहिकाओं के सिकुड़ने से रक्तचाप बढ़ जाता है। ऐसे में हृदय को अधिक मेहनत करनी पड़ती है। तेज धड़कन से हृदय पर दबाव बढ़ता है। ऐसे में जब वाहिकाओं में रक्त का बहाव रुकता है तो हार्ट अटैक की स्थिति बनती है। पहले से हृदय के रोगी, उच्च रक्तचाप व मधुमेह के रोगियों को ठंड में खास ध्यान रखने की आवश्यकता है।



नहीं हैं डॉक्टर, गंभीर है समस्या

हृदय रोग के मामले में हाथरस जिले की स्वास्थ्य सेवाएं शून्य हैं। सरकारी अस्पतालों की स्थिति तो खराब है ही, यहां प्राइवेट अस्पताल में भी गंभीर हृदय रोगियों के उपचार की कोई सुविधा नहीं। हृदय की टीएमटी, एंजियोग्राफी आदि जांच के लिए लोगों को आगरा या अलीगढ़ ही जाना पड़ता है। जिला अस्पताल में भी कोई हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं हैं। यहां हाल ही में एसएन मेडिकल कॉलेज से एक फिजीशियन डॉक्टर हृदय रोग के उपचार से संबंधी प्रशिक्षण लेकर आए हैं। वह भी गंभीर स्थिति को देखकर मरीज को रेफर कर सकते हैं, उनका उपचार नहीं।
विज्ञापन





इन बातों का रखें ध्यान

इस मौसम में बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की आवश्यकता है। गर्म कपड़े पहने तथा ठंड में बाहर कम निकलें। शराब व तंबाकू का प्रयोग बिल्कुल न करें। नियमित व्यायाम करें। पहले से हृदय के मरीज हैं तो चिकित्सक को दिखाकर नियमित दवाएं लें।


केस-1

हसायन के गांव एदलपुर निवासी सुनीता (48) को 26 नवंबर की सुबह सीने में दर्द उठा। इसके बाद अचेत हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। ईसीजी जांच की गई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। चिकित्सक के अनुसार हार्ट अटैक होने से उनकी मौत हो गई।



केस-2

सादाबाद के गांव नगला सिधारी में किसान रमेशचंद्र (62) की 26 नवंबर को हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्हें सीने में दर्द उठा था। परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हार्ट अटैक की जानकारी मिली। उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया था, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।



केस-3

सहपऊ-सादाबाद रोड पर 27 नवंबर को चलती बस में एक व्यक्ति को हार्ट अटैक पड़ा। कुरसंडा निवासी भूरा सिंह (50) सहपऊ से सादाबाद लौट रहे थे। रास्ते में हालत बिगड़ी और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। सीएचसी सादाबाद पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।



केस-4

शहर के मोहल्ला विष्णुपुरी निवासी तरुण (29) की 23 नवंबर की रात को अचानक हालत बिगड़ी। उनके सीने में दर्द उठा था। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। चिकित्सकों ने हार्टअटैक की आशंका जताई थी।



बयान
सर्दी में हृदय रोगियों की संख्या बढ़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए उपलब्ध चिकित्सकों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। फिजीशियन व ईसीजी तकनीशियन को प्रशिक्षण दिलाया गया है, ताकि मरीजों की सही जांच हो सके और तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा सके। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती कराने के लिए पत्राचार किया जा रहा है।
विज्ञापन


डाॅ. सूर्यप्रकाश, सीएमएस जिला अस्पताल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें