कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव गिजरौली में इंडक्शन चूल्हे बेचने पहुंचे सेल्समैनों और महिलाओं के बीच कीमत को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सेल्समैनों ने पांच इंडक्शन चूल्हे करीब 14 हजार रुपये में बेच दिए, जबकि बाद में महिलाओं के परिजनों को उनकी कीमत करीब आधी होने की जानकारी हुई। इस पर परिजनों ने विरोध करते हुए रकम वापस करने की मांग की।
परिजनों के विरोध के बाद मामला बढ़ गया। आरोप है कि रकम वापस करने के बजाय सेल्समैन की ओर से चार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट दिखाए गए। जब परिजनों ने अपने बैंक खातों की जांच की तो उनमें कोई रकम नहीं पहुंची थी। इसके बाद स्क्रीनशॉट को लेकर भी सवाल खड़े हो गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
रुपये वापस मांगने पर बढ़ा विवाद
परिजनों के अनुसार, इंडक्शन चूल्हे बेचने के दौरान उन्हें इसकी कीमत के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी गई। पांच चूल्हों के लिए 14 हजार रुपये लिए जाने के बाद जब उन्हें कीमत कम होने की जानकारी मिली तो उन्होंने सेल्समैन से रकम वापस करने को कहा। इसी दौरान लेनदेन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि सेल्समैन ने भुगतान किए जाने का दावा करते हुए चार ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट दिखाए। हालांकि, संबंधित खातों में रकम नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार के लोगों और सेल्समैनों के बीच कहासुनी होने लगी।
विजयनगर चौराहे के पास पकड़ा सेल्समैन
विवाद बढ़ने पर लोगों ने एक सेल्समैन को विजयनगर चौराहे के पास पकड़ लिया। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। हालांकि, मामले में देर तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।