रहमा देवी रसोई में काम कर रहीं थीं, तभी किसी तरह सिलिंडर से गैस लीक होने लगी और तेज आग लग गई। आग लगते ही रहमा देवी झुलसकर रसोई के बाहर आंगन में जा गिरीं।
हाथरस रोड स्थित गांव मूढ़ा नौजलपुर के एक घर में 18 अगस्त की सुबह आठ बजे गैस सिलिंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। आग से रसोई में काम कर रही महिला झुलस गई और काफी सामान जलकर राख हो गया। दमकल ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
गांव निवासी गजेंद्र सिंह मकान के बाहरी हिस्से में परचून की दुकान चलाते हैं। सुबह करीब आठ बजे उनकी पत्नी रहमा देवी रसोई में काम कर रहीं थीं, तभी किसी तरह सिलिंडर से गैस लीक होने लगी और तेज आग लग गई। आग लगते ही रहमा देवी झुलसकर रसोई के बाहर आंगन में जा गिरीं।
इधर, आग ने पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया। घर के कपड़े, बिस्तर और घरेलू सामान तेजी से जलने लगा। दुकान का सामान भी जलकर राख हो गया। आग से चारों तरफ धुएं का गुबार छा आ गया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दमकल भी मौके पर पहुंच गई और करीब 45 मिनट बाद आग पर काबू पाया जा सका। गंभीर रूप से झुलसीं रहमा देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उनको गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।