इस अंडरपास के इधर-उधर नगर पालिका पूरे शहर का कूड़ा डलवा रही है। इस कूड़े में आए दिन आग लगती रहती है। कई बार आसपास के किसानों ने प्रशासन से शिकायत भी की है कि कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी से कभी भी उनके खेतों में आग लग सकती है। बड़ा नुकसान हो सकता है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।
आग रेलवे ट्रैक के नीचे पहुंच सकती थी..
सिकंदराराऊ कोतवाली परिसर से सटे पुरदिलनगर रेलवे अंडरपास की छत पर लगी आग पर अगर समय से काबू न पाया जाता तो आग रेलवे ट्रैक के नीचे तक पड़ी शीटों तक पहुंच जाती। उस समय कोई ट्रेन गुजर रही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बता दें कि रेलवे प्रशासन ने कई रेलवे क्रॉसिंगों को बंद कर अंडरपास का निर्माण कराया है। अंडरपास के इर्द-गिर्द कूड़े के ढेर लग गए हैं। यह पहली बार नहीं था कि कूड़े के ढेर में आग लगी हो, इससे पहले भी कई मर्तबा कूड़े के ढेर में आग लग चुकी है। जब से मथुरा-कानपुर के बीच ब्रॉड गेज रेललाइन बनी है, तब से इस मार्ग पर रेलवे ट्रैफिक काफी बढ़ गया है।