जिले में तैनात सिपाही मन्नू चौधरी की आत्महत्या के मामले में उनके पिता व यूपी पुलिस से सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह अत्री ने सोमवार की शाम को अपनी बहू सोनी पंवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि पत्नी द्वारा लगातार दिए जा रहे मानसिक तनाव, उत्पीड़न के कारण बेटे ने आत्महत्या की है।
गौरतलब है कि एक जून 2026 की शाम को डीसीआरबी में तैनात मन्नू चौधरी की पुलिस लाइंस के सामने ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। तब इसे दुर्घटना समझा जा रहा था। दर्ज एफआईआर में पिता देवेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 में उनके बेटे ने महिला आरक्षी सोनी पंवार के साथ प्रेम विवाह किया था।
सोनी वर्तमान में एएचटीयू थाना हाथरस में तैनात है। मृतक के पिता का आरोप है कि शादी के पहले दिन से ही उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके चलते उसने गुस्से और तनाव में अपना सिर दीवार में मार कर खुद को घायल तक कर लिया था। पिता ने बताया कि लगातार झगड़े के कारण पति-पत्नी के बीच का मामला फैमिली कोर्ट गाजियाबाद भी पहुंचा था।
सोनी के साथ रहने से इनकार पर मन्नू ने तलाक के लिए याचिका डाली थी। हालांकि बाद में सोनी ने अपनी गलती स्वीकार कर साथ रहने की सहमति दी। पिता का आरोप है कि घर लौटने के बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला और गृहक्लेश जारी रहा। 31 मई को मन्नू व सोनी के बीच भारी विवाद हुआ था। इसी कारण तंग आकर उसने दूसरे दिन यह कदम उठा लिया। उनका आरोप है कि घटना के बाद सोनी ने उनके बेटे का मोबाइल पुलिस से ले लिया है। वे मोबाइल में मौजूद उनके खिलाफ साक्ष्य मिटा सकती हैं। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।