धरना प्रदर्शन करने वालों से वार्ता करते पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। 19 वें दिन धनगर समाज का कलेक्ट्रेट पर चल रहा धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया। इससे पहले सपाइयों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन, पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में सपाई वहां पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। बाद में अधिकारियों से वार्ता के बाद यह धरना समाप्त कर दिया गया। समाज के लोगों का कहना है कि फिलहाल आचार संहिता के चलते यह धरना स्थगित किया गया है। बाद में फिर आंदोलन किया जाएगा।
जाति प्रमाणपत्र की मांग को लेकर 19 दिन पूर्व धनगर समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पर धरना शुरू किया था। यह धरना बाद में अनशन में बदल गया था। इस दौरान पुलिस प्रशासन से झड़प भी हुई थी। पुलिस ने अनशकारियों को जिला अस्पताल में भी दाखिल कराया था लेकिन उसके बाद भी आंदोलनकारी नहीं माने थे और कलेक्ट्रेट पर धरना जारी रखा था। चुनाव कार्यक्रम तय होने के बाद आचार संहिता लागू होने के उपरांत पुलिस व प्रशासन ने इस धरने को लेकर प्रदर्शनकारियोें को चेतावनी दी थी।
इधर, सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन, पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल आदि की अगुवाई में काफी सपाई कलेक्ट्रेट पहुंच गए और वहां प्रदर्शनकारियों के साथ बैठ कर जमकर नारेबाजी भी की। बाद में यह नेता डीएम व अन्य अधिकारियों से भी मिले। डीएम ने उन्हें बताया कि उनकी यह मांगें शासन को पहले ही भेजी जा चुकी है। इसके बाद अधिकारियों के कहने पर यह धरना स्थगित कर दिया गया।