नगर पंचायत के कर्मचारी के आवास पर ताला खुलवाकर उसकी पत्नी से जानकारी लेते पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
सहपऊ। नगर पंचायत अध्यक्ष विपन वशिष्ठ ने नगर पंचायत कार्यालय के ऊपर बने नगर पंचायत कर्मचारी आवास पर ताला लगवा दिया है। ताला लगवाते समय उस आवास में केवल नगर पंचायत कर्मी की पत्नी ही मौजूद थी। कर्मी नगर पंचायत के काम से बाहर गए थे दोनों बच्चे भी ट्यूशन पढ़ने गए थे। बाद में नगर पंचायत कर्मी की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने जाकर उस आवास का ताला खुलवाया।
नगर पंचायत कर्मी की पत्नी सरिता पत्नी हरेंद्र पाल सिंह ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उनके साथ आए युवकों के विरुद्ध कोतवाली में आवास से बाहर खींचने, मारपीट करने एवं जान से मारने की धमकी की तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला के मुताबिक उसके पति नगर पंचायत सहपऊ में टीसी के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने पति एवं बच्चों के साथ नगर पंचायत कार्यालय के ऊपर बने नगर पंचायत आवास में रह रहे हैं।11 मार्च का उसके पति कर्मचारियों के वेतन डालने के लिए सादाबाद गए हुए थे।
शाम के लगभग पौने पांच बजे नगर पंचायत अध्यक्ष विपिन वशिष्ठ एवं उसके साथ ललित कुमार , बहादुर सिंह ठेकेदार, तथा विजय के साथ आए और उनके साथ गाली गलौज की। आवास से बाहर पकड़कर खींचने लगे। उन लोगों से छुड़ाकर जब मैं घर में अंदर गई तो लोगों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। जाते समय मेरे पति को निलंबित करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।