झगड़े के आरोपी की गिरफ्तारी के विरोध में थाने पर शनिवार की रात को उसके परिजनों और गांव के कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने लाठियां फटकारकर इन लोगों को वहां से खदेड़ दिया। पुलिस के इस लाठीचार्ज में दो महिलाएं भी घायल हो गईं।
देर रात पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही थी।
गांव निजामतपुर में दो पक्षों में रंजिश चल रही है। इसे लेकर इन दोनों पक्षों के बीच पहले शनिवार की सुबह झगड़ा हुआ, जिसकी शिकायत एक पक्ष ने थाने में भी की। शाम को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।
इस बार दूस पक्ष ने एक युवक के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस इस युवक को उठा लाई। युवक के परिवार और गांव के काफी लोग थाने पर पहुंच गए और वहां हंगामा शोर-शराबा कर दिया। इनका कहना था कि दूसरे पक्ष के किसी व्यक्ति को क्यों नहीं पकड़ा गया।
एसओ हसायन नरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी रंजिश और मुकदमेबाजी चल रही है। तहरीर के आधार पर युवक को हिरासत में लिया गया था। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।