बागला जिला अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार दोपहर को घायल हुए छात्र के परिजनों ने जमकर कहर बरपाया। आरोपी बाइक सवार को पीटने के दौरान जो भी उसे बचाने आया, उसे पीटा गया। यहां तक की मरीजों को भी नहीं बख्शा गया। जमकर मारपीट होने से इमरजेंसी में अफरा-तफरी मच गई। इमरजेंसी में उपचार करा रहे मरीजों ने भागकर खुद को बचाया। वहीं डॉक्टर समेत ज्यादातर स्टाफ भी मारपीट के कारण सकते में आ गया और इमरजेंसी से बाहर निकल आया। डॉक्टरों की सूचना पर हाथरस गेट पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर को पंजाबी क्वार्टर के पास अलीगढ़ रोड स्थित इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे छात्र घायल हो गया। बाइक सवार घायल छात्र को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा और उसकी मरहम पट्टी कराने लगा। इसी बीच छात्र की सूचना पर उसका भाई और परिजन भी जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंच गए। परिजनों ने बाइक सवार को देखते ही पीटना शुरू कर दिया। बाइक सवार को पीटने का विरोध करने पर एक मरीज को भी जमकर पीटा गया।
इससे इमरजेंसी स्टाफ ने बीच में आकर बचाव की कोशिश की तो परिजन उन पर भी हमलावर हो गए। आरोपी परिजनों का आलम यह था कि जो भी उनके बीच में आने की कोशिश कर रहा था, वह उसे बेरहमी से पीट रहे थे। इससे पूरी इमरजेंसी में अफरा-तफरी मच गई। मरीज और डॉक्टर इमरजेंसी से बाहर निकल भागे। आनन-फानन पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल हाथरस गेट जेएस पवार का कहना है कि आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। इमरजेंसी में लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई है। आरोपियों की पहचान हो जाएगी। इसके बाद उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।