सादाबाद इंटर काॅलेज सादाबाद में खो खो खेलती छात्राएं।
- फोटो : samvad
सादाबाद इंटर कॉलेज में छात्राओं की खेल प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें चार टीमों ए, बी, सी और डी के बीच मुकाबला हुआ। कक्षा छह से 10 तक की छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपने खेल कौशल, फुर्ती तथा टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में टीम ए ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। टीम सी द्वितीय और टीम बी तृतीय स्थान पर रही। मुकाबलों के दौरान छात्राओं में जीत को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कॉलेज के क्रीड़ा प्रभारी धर्मवीर सिंह की देखरेख में प्रतियोगिता संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
समापन पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने विजेता टीमों की छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर बृजेश कुमार, निकेश तिवारी, शिखा शर्मा, मेवाराम और कपिल गुप्ता सहित कॉलेज के शिक्षक मौजूद रहे।