सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार की जड़ें काफी गहरी हैं। हाथरस में पिछले दो साल में आठ कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जा चुके हैं। इसके बाद भी सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार समाप्त नहीं हो रहा है। नगर पालिका परिषद में पिछले वर्ष जनवरी में ही बाबू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। 14 महीने बाद फिर से पालिका की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एंटी करप्शन के हत्थे चढ़ गई।
- 01 फरवरी 2024 को विद्युत वितरण खंड चतुर्थ में तैनात लिपिक से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था। विद्युत विभाग के ठेकेदार ने एक कॉलोनी में विद्युतीकरण के लिए 40 किलोवाट के कनेक्शन की मांग की थी, जिसके एवज में उनसे रुपये मांगे जा रहे थे।
- 14 मार्च 2024 को अलीगढ़ रोड स्थित अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड कार्यालय पर सिंचाई खंड फिरोजाबाद के उप राजस्व अधिकारी वादों की सुनवाई कर रहे थे। उनके अधीन सींच पर्यवेक्षक सिकंदराराऊ व कार्यवाहक जिलेदार को एंटी करप्शन टीम ने छह हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया था।
- 20 मार्च 2024 को तहसील सदर में राजस्व निरीक्षक को किसान से 15 हजार रुपये रिश्वत लेने पर गिरफ्तार किया था। मेड़बंदी के लिए राजस्व निरीक्षक योगेश गौतम ने किसान से रिश्वत मांगी थी।
- बीएसए कार्यालय में तैनात लिपिक को 27 जून 2024 को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंट टीम ने रंगे हाथ पकड़ा था। मुरसान के गांव नगला बाबू के शिक्षक सिद्धार्थ ने वेतन वृद्धि व प्रतिकूल प्रविष्टि हटाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। बीएसए कार्यालय के बाहर रिश्वत लेते गिरफ्तारी हुई थी।
- 12 जुलाई 2024 को भी सीएमओ कार्यालय में वरिष्ठ सहायक पद पर तैनात महिला लिपिक मधु भाटिया को सतर्कता अधिष्ठान आगरा ने 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इसमें महिला लिपिक के साथ-साथ तत्कालीन सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुरसान में तैनात नेत्र परीक्षण अधिकारी से रुके हुए वेतन व एरियर के एवज में यह रुपये मांगे गए थे।
- 29 जनवरी 2025 को नगर पालिका परिषद हाथरस में मुख्य स्वच्छता निरीक्षक महेश कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया था। ठेकेदार को भुगतान करने के एवज में 50 हजार रुपये मांग की थी।
- 31 मई 2025 को एंटी करप्शन टीम ने आगरा रोड चौकी इंचार्ज अनिल शर्मा को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। अईयापुर कलां के साहब सिंह से झगड़े के मामले में कार्रवाई को लेकर रुपये मांगे गए थे।
- 2 फरवरी 2026 को सीएमओ कार्यालय की वरिष्ठ सहायक बबिता चौहान को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। एक प्रशिक्षु से सीएचसी पर इंटर्नशिप कराने के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी।