संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोरोना महामारी ने आमजन से लेकर सभी जगह उथल पुथल मचा रखी है। वहीं जिले में कोरोना के चलते एक दर्जन से अधिक फीडरों को अलग करने का काम भी अधर में लटक गया है। जिले में अब तक 104 फीडरों पर नलकूप व घरेलू लाइनें अलग हो चुकी है। अब दरों में अंतर आने के कारण कार्यदायी संस्था ने काम करने से इंकार कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि जिले के लोगों को पर्याप्त बिजली सप्लाई देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा घरेलू व नलकूप लाइनों को अलग करने की प्रक्रिया बीते साल में शुरू की गई थी। बरेली की संस्था ने कोरोना काल से पहले 104 फीडरों के अलग करने का काम पूरा कर दिया। इन फीडरों पर घरेलू व नलकूप की लाइनें अलग हो चुकी है। कोरोना के चलते जिले के एक दर्जन से अधिक फीडरों से जुड़े सौ से अधिक गांवों में काम लटक गया है।
अब कार्यदायी संस्था के पुराने दरों में अंतर आ रहा है। इस कारण संस्था ने काम करने से इंकार कर दिया है। अब अगली योजना आने के बाद इन गांवों में नलकूप व घरेलू फीडरों को अलग करने का काम होगा। इस मामले में अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि अब तक 104 फीडरों पर नलकूप व घरेलू लाइन अलग हो चुकी है। बाकी 16 फीडरों पर दूसरी स्कीम आने पर काम होगा।