पोस्टमार्टम गृह पर मौजूद सिकंदराराऊ हादसे में मृत पप्पू के परिजन। संवाद
- फोटो : Samvad
सिकंदराराऊ में कासगंज रोड पर ई-रिक्शा व ऑटो की भिड़ंत में ऑटो सवार 50 वर्षीय पप्पू की मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा, बेटी व दामाद घायल हो गए। पप्पू अपने बीमार समधी को देखने गांव श्यामपुर मानिकपुर जा रहे थे। हादसे के दो घंटे बाद बीमार समधी की भी मौत हो गई। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है।
गांव भटीकरा निवासी पप्पू अपने चार बेटों के साथ नोएडा में मजदूरी करते थे। उनकी बेटी शिवानी व उनके पति नीरज निवासी श्यामपुर मानिकपुर भी नोएडा में ही काम करते थे। शिवानी के ससुर कुमरजीलाल की तबीयत अधिक खराब थी, इसलिए सोमवार की दोपहर पप्पू अपने छोटे बेटे कान्हा, शिवानी व नीरज के साथ बस से सिकंदराराऊ के पंत चौराहा पर पहुंचे।
यहां से गांव मानिकपुर जाने के लिए ऑटो बुक किया। रात करीब आठ बजे कासगंज रोड पर नगला जलाल कपसिया मार्ग पर अनियंत्रित ई-रिक्शा ने तेज रफ्तार ऑटो में टक्कर मार दी। पप्पू आगे बैठे थे और उनके शरीर का बायां हिस्सा बाहर निकला हुआ था। ई-रिक्शा की टक्कर में बायां हिस्सा उड़ गया और टेंपो पलट गया। वे लहूलुहान हालत में बेहोश हो गए। बाकी तीनों को हलकी चोटें आईं। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां पप्पू को मृत घोषित कर दिया गया।
पप्पू के बेटे सचिन ने बताया कि एक तरफ अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा था, तो दूसरी ओर रात करीब 10 बजे बहन के ससुर कुमरजीलाल की मौत की खबर आ गई। बीमारी के चलते उन्होंने भी दम तोड़ दिया। प्राथमिक उपचार के बाद नीरज व शिवानी मानिकपुर चले गए। पिता व ससुर की मौत से शिवानी का रो-रो कर बुरा हाल है। सीओ सिकंदराराऊ अमित पाठक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।