आवारा पशुओं का इंतजाम न होने पर गांव मंस्या में नारेबाजी करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
आवारा पशुओं द्वारा फसल को रौंदे जाने से परेशान किसानों का हाल जानने के लिए सोमवार को रालोद पश्चिमी यूपी के अध्यक्ष और पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी और रालोद प्रदेश महासचिव गुड्डू चौधरी ने कई गांव का दौरा किया। दौरे के दौरान गांव मंस्या में आवारा पशुओं का इंतजाम न होने गुंस्साए किसानों ने रालोद नेताओं के साथ नारेबाजी और प्रदर्शन भी किया।
पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी और गुड्ड़ू चौधरी को गांव मंस्या के किसानों ने बताया कि धरना प्रदर्शन के दो दिन बाद भी प्रशासन ने आवारा पशुओं का कोई इंतजाम नहीं किया है। आखिर वह कब तक पशुओं के चारे पानी की व्यवस्था करेंगे। यह पशु उनकी फसलों को रौंदकर लगातार नष्ट कर रहे हैं। आक्रोशित किसानों को रालोद नेताओं ने समझाते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों से उनकी वार्ता हो चुकी हैं, उनसे एक दिन का वक्त प्रशासन ने मांगा है।
इसलिए अगर आवारा पशुओं का इंतजाम नहीें होता है तो सोमवार की जगह मंगलवार को तहसील परिसर में आवारा पशुओं एकत्रित कर बांध दिया जाएगा। इधर, गुस्साए किसानों ने कहा कि पिछले कई दिनों से पानी की टंकी के परिसर में आवारा पशु बंधे हुए हैं, लेकिन प्रशासन इन पशुओं को यहां कहीं अन्य जगह स्थानातंरित नहीं कर रहा है। उन्होने प्रशासन से इन आवारा पशुओं का जल्द इंतजाम किए जाने की मांग की।