न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। यूपी बोर्ड और सीबीएसई परीक्षा का कार्यक्रम जारी होते ही परीक्षा की तैयारियों में तेजी का गई है। विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षा कराए जाने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। तो वहीं पर विद्यार्थी अब कोचिंग सेंटरों के माध्यम से कोर्स का रिहर्सल करने में जुट गए हैं।
सात फरवरी से यूपी बोर्ड परीक्षा और दो मार्च से सीबीएसई के 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा शुरू होगी। इसे लेकर स्कूल और कॉलेजों में तो तैयारियों का दौर चल ही रहा है। वहीं विद्यार्थी परीक्षा को लेकर अपनी तैयारी में जुट गए हैं। वहीं बोर्ड परीक्षा का रिहर्सल भी प्री-बोर्ड परीक्षा के रूप में जनवरी में होगा। इसकी तैयारियों में विद्यार्थी काफी व्यस्त हैं। कुछ विद्यार्थी अपने कोर्स का रिहर्सल ट्यूशन आदि के माध्यम से कर रहे हैं।
प्री-बोर्ड परीक्षा बोर्ड परीक्षा का दर्पण है। इससे विद्यार्थियों के अंदर छिपी कमी को दूर करने का मौका मिलता है और फिर बोर्ड परीक्षा के लिए अच्छी तैयारी भी हो जाती है। वहीं शिक्षकों को भी बच्चे को सुधारने का अवसर मिलेगा।
-मुकेश कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य, सीपीएस, सादाबाद।
हमने तो प्री-बोर्ड परीक्षा करा दी है। इस परीक्षा में कमजोर बच्चों को चिह्नित कर उन्हें अलग से पढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे छात्र बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक ला सकें। बाकी के विद्यार्थियों के कोर्स का रिवीजन कराया जा रहा है।
-रामबाबू सिंह, प्रधानाचार्य, मलखान सिंह इंटर कॉलेज ठूलई।