बारिश और ओलावृष्टि से फसल की बर्बादी को लेकर किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सादाबाद तहसील परिसर में महापंचायत कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द राहत दिलाने की मांग उठाई। किसान अपने साथ गेहूं की बालियां लेकर पहुंचे।
उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम मनीष चौधरी को बालियों से दाने निकालकर दिखाए और बताया कि बारिश व ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है। किसानों ने कहा कि खेतों में खड़ी फसल में गलन आ गई है, जिससे उत्पादन की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है।
अध्यक्षता किसान श्रीराम चौधरी ने की, जबकि संचालन विश्वजीत आर्य ने किया। मंडल अध्यक्ष चंद्रेश चौधरी और तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह वर्मा ने ज्ञापन सौंपा। धरना-प्रदर्शन में मंगलेश यादव, रामवीर सिंह, पदम सिंह आर्य, दिगंबर सिंह, गोधन सिंह, रघुवीर सिंह, देवेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, चोब सिंह, पूरन सिंह आदि मौजूद थे।