गांव नगला नत्थू में एक किसान को घर से बुलाकर नशा कराया गया। बंधक बनाकर बुरी तरह से पीटा गया। पैतृक जमीन का जबरन बैनामा कराया गया। इसके बाद मरणासन्न हालात में आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, जहां उनकी मौत हो गई। शनिवार को गुस्साए परिजन शव लेकर थाना सादाबाद पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ हत्या, धोखाधड़ी और साजिश की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
गांव नगला नत्थू निवासी मृतक की पुत्री निशा चौधरी ने थाना सादाबाद में दी तहरीर में आरोप लगाया कि बीती 16 मई को उसके पिता धर्मेंद्र सिंह को गांव का ही एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ बुलाकर ले गया। आरोप है कि इन्हीं लोगों ने धर्मेंद्र सिंह को बंधक बना लिया और उन्हें नशा कराया। धोखाधड़ी कर पैतृक कृषि भूमि गाटा संख्या 3205, मौजा नौगांव का बिना कोई भुगतान किए फर्जी तरीके से एक महिला के नाम बैनामा करा लिया। इसके बाद उनको बंधक बना लिया।
इधर, परिजन लगातार उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चला। 22 मई को एक आरोपी ने फोन कर सूचना दी कि धर्मेंद्र आगरा के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जाकर देख लो..। परिजन आगरा पहुंचे तो एक निजी अस्पताल में उनका शव मिला।
भाई देवेंद्र ने आरोप लगाया कि 21 मई को आरोपियों ने उनके भाई के साथ मारपीट की और बाद में मरणासन्न हालात में आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। गुस्साए ग्रामीण और परिजन शनिवार शाम शव को एंबुलेंस में रखकर थाना सादाबाद पहुंच गए। इन लोगों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, धोखाधड़ी और साजिश की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।