हाथरस विद्युत विभाग के तृतीय खंड में हुए फर्जी नलकूप कनेक्शन घोटाले की जांच करने के लिए बुधवार को अलीगढ़ की विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने अलीगढ़ के विद्युत अधिकारियों के साथ दस्तक दी। आठ सदस्यीय इस टीम ने गांव अजीतपुर, भोपतपुर और नगला वीर सहाय में नलकूप कनेक्शनों की जांच की।
टीम ने गांव में पहुंच नलकूप कनेक्शनधारी उपभोक्ताआें के बिल, पासबुक आदि को चैक किया। टीम ने कुल 68 संयोजन चेक किए, जिनमें से चार संयोजन अवैध मिले। चार में से तीन उपभोक्ताओं ने पहले ही नियमतीकरण के लिए विभाग में एप्लाई कर रखा था, जबकि एक उपभोक्ता के पास नलकूप कनेक्शन की 2008 से अब तक रसीद पाई गईं, लेकिन विभागीय खंड रिकॉर्ड में इस उपभोक्ता के नाम पर कोई कनेक्शन जारी नहीं किया गया था।
तृतीय खंड के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि रिकॉर्ड को अच्छी तरह चैक कर लें, यदि यह कनेक्शन विभागीय रिकॉर्ड में नहीं मिला तो इस कनेक्शन को फर्जी मानते हुए दोषी संबंधित अधिकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई किए जाने की संस्तुति भी टीम ने की। नलकूप संयोजन चेकिंग के दौरान नगला वीर सहाय में बकाए पर कटे एक नलकूप संयोजन को फिर से चलता हुआ पाया, जिसके खिलाफ धारा 138 बी के तहत कार्रवाई की गई। टीम में एक्सईएन तृतीय खंड महेशचंद्र, नगरीय परीक्षण खंड अलीगढ के एक्सईएन एसके चौधरी, ग्रामीण परीक्षण खंड अलीगढ़ के एक्सईएन जगतराम, एई मीटर संजय शर्मा, सुबोध झा के अलावा विजिलेंस जेई सामर्थ्य श्रीवास्तव, नत्थू सिंह व उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह थे।