संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद ब्लॉक के ग्राम प्रधानों की बैठक कृष्णा गार्डन में हुई। इसमें अखिल भारतीय प्रधान संगठन ब्लॉक सादाबाद का चुनाव हुआ। इस दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद गुटबाजी उभर कर सामने आ गई। ग्राम प्रधानों के एक गुट ने ग्राम पंचायत कजरौठी के प्रधान महाराज सिंह को और दूसरे गुट ने कुरसंडा ग्राम पंचायत की प्रधान मनीषा सिंह को प्रधान संगठन का ब्लॉक अध्यक्ष चुन लिया। दोनों ही प्रधानों ने अपने-अपने दावे किए हैं।
एक गुट से ब्लॉक अध्यक्ष चुने गए महाराज सिंह ने दावा किया कि उन्हें संगठन के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह, जिला प्रभारी राजकुमार प्रधान व जिला उपाध्यक्ष ने ब्लॉक अध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने कहा है कि जो जिम्मेदारी मिली है, वह उसे पूरी ईमानदारी से पूरा करेंगे। उन्होंने दावा किया कि सादाबाद ब्लॉक के सभी ग्राम प्रधानों ने उनका सहयोग किया है।
इधर, दूसरे गुट ने रूपेंद्र सिंह नंबरदार की पत्नी मनीषा सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष चुना है। मनीषा सिंह को ब्लाक अध्यक्ष चुने जाने पर उनके पति रूपेंद्र सिंह नंबरदार का फूलमालाओं से स्वागत किया। स्वागत के बाद चौधरी चरण सिंह प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। रूपेंद्र ने दावा किया कि ब्लॉक की 58 ग्राम पंचायतों में से 43 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों ने सर्वसम्मिति से उनकी पत्नी को प्रधान संगठन का सादाबाद ब्लॉक अध्यक्ष चुना है। सभी प्रधानों के हस्ताक्षर सहित प्रमाण भी उनके पास मौजूद है।