संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर सहायक आयुक्त (एसी) खाद्य अलीगढ़ मंडल रामनरेश यादव ने आम लोगों और खाद्य कारोबारियों को मिलावटखोरी को लेकर जागरूक किया।
सहायक आयुक्त ने कहा कि सुरक्षित आहार ही स्वस्थ जीवन का आधार है। जब हम शुद्ध और अशुद्ध की पहचान कर खाद्य पदार्थों का सेवन करेंगे। तब हमें किसी भी प्रकार की बीमारी से नहीं जूझना होगा। जो भी कारोबारी खाद्य पदार्थों की बिक्री करते हैं, उनका रजिस्ट्रेशन व लाइसेंस होना अनिवार्य है। उनके यहां खाद्य सुरक्षा के पूरे इंतजाम होने चाहिए। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
उन्होंने व्यापार से संबंधित चुनौतियों और बिल, बाउचर से प्राप्त खाद्य पदार्थों की बिक्री के फायदे भी गिनाए। उन्होंने आह्वान किया कि जब तक सामूहिक प्रयास नहीं होगा, तब तक मिलावट के धंधे पर नकेल नहीं कसी जा सकती। यदि कोई व्यवसायी मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करता है तो उसकी सूचना विभाग को तुरंत दें, क्योंकि मिलावटी खाद्य पदार्थों का सेवन जानलेवा हो सकता है। इस मौके पर व्यापारियों ने अपनी कई समस्याएं भी एसी के सामने रखीं।
इनका मौके पर ही समाधान किया गया। उन्होंने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए दूध के नमूूने अधिक से अधिक भरे जाने के निर्देश दिए और अन्य कार्यों पर संतोष जाहिर किया। अभिहित अधिकारी देवाशीष उपाध्याय ने व्यापारियों को नियमानुसार ही खाद्य पदार्थों की बिक्री करने के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी हरींद्र सिंह, खाद्य सुरक्षाधिकारी सुरेश कुमार, केएल वर्मा, अरविंद कुमार, बीएन कटियार, राकेश कुमार, एमएस राना के अलावा व्यापारी सुधीर गर्ग, विपिन अग्रवाल, पंकज गर्ग, मनोज चुर्री वाले, मनोज गर्ग, सचिन सिंघल, राजू लाला, विनोद बल्टीकरी, मुरारीलाल, सुरेश अग्रवाल, महेशचंद्र खजांची, दिनेशचंद्र, आरपी गोयल, दिनेशचंद्र अग्रवाल, अतुल गोयल, कमल वार्ष्णेय, संजीव गोपाल, राजेंद्र अग्रवाल, कैलाशचंद्र, सुनील हलवाई, मदनलाल, शशिकांत अग्रवाल, विजय कुमार आदि व्यापारी व आम लोग मौजूद रहे।