मेले में आयोजित कव्वाली मुकाबले में प्रस्तुति देते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
दाऊजी मेला पंडाल में शनिवार की रात कव्वालियों की गूंज रही। कव्वाल और कव्वालाओं के सूफियाना कलामों ने ऐसा शमा बांधा कि पूरी रात पंडाल वाह वाह की आवाजों के साथ तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
मुकाबला-ए-कव्वाली का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने फीता काटकर किया। देर रात डीएम अविनाश कृष्ण सिंह भी वहां पहुंचे। मेलाधिकारी एसडीएम सदर राकेश गुप्ता व तहसीलदार कमलेश गोयल को सम्मानित किया गया। नागपुर के कव्वाल रियाज साबरी ने हर दर्द की दवा है मोहम्मद के शहर में, आओ गुनहगारो चलो मदीने के शहर में सुनाकर तालियां बटोरीं। कव्वाला वफा नियाजी ने भर दे झोली मेरी ऐ साबिर पिया सुनाकर लोगों का मन मोहा।
कानपुर के अल्ताफ अयान साबरी की बच्चा पार्टी ने भी जलवा तेरा जलवा, सबने देखा तेरा जलवा सुनाकर लोगों को मदहोश किया। सुबह की पहली किरण तक यह मुकाबला चलता रहा। इस मौके पर महेंद्र सिंह सोलंकी, राजेश सिंह गुड्डू, चौ. भाजुद्दीन, अज्जू नेताजी, राहुल जैन, प्रशांत शर्मा, वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, असलम बेग, राहुल चौधरी, गोपाल यादव आदि मौजूद थे।
वहीं मेला पंडाल में सोमवार रात को ‘एक रात कन्हैया से बात’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें बालगोपाल कृष्ण और उनकी लीलाओं पर आधारित राजस्थान के कलाकारों के अलावा टेलीविजन पर अपनी कला का जलवा बिखेरने वाले नन्हे कलाकारों की भी प्रतिभा दिखेगी।
यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की जिला प्रभारी बीके शांता और बीके भावना ने पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दर्शकाें के बैठने के लिए भी बेहतर इंतजाम किए गए हैं। इस मौके पर बीके सीता, दुर्गेश बहन आदि उपस्थित थीं।