कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव ईशेपुर के मिनी बिजली घर पर रविवार को किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। भड़के किसानों का कहना था कि नियमानुसार ग्रामीण क्षेत्रों के नलकूपों को दस घंटे रोजाना बिजली आपूर्ति मिलनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। जिससे मक्का, मूंग और आम सहित दूसरी फसलों में नुकसान हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ईशेपुर बिजली घर से जुड़े गांव महमूदपुर, नगला ढक, बढ़ांनू, सुजावलपुर आदि गांव में महज पांच घंटे बिजली दी जा रही है। इतनी कम बिजली आने से मक्का, मूंग, आम और अन्य फसलों में सिंचाई नहीं हो पा रही है। जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। किसानों ने नाराजगी जताते हुए बिजली घर का घेराव किया। किसानों की मांग थी कि उन्हें रोस्टर के हिसाब से पूरी बिजली दी जाए। इस मौके पर प्रमोद कुमार, कालीचरण, हरीश कुमार, सोरन सिंह, प्रेमचंद, विनोद कुमार, कुमरपाल, वेदपाल, कमल किशोर, सुभाष, धीरू आदि मौजूद रहे। बिजली विभाग के एसडीओ आफताब आलम ने बताया कि नलकूपों को रोजाना 7 घंटे बिजली दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजाना 18 घंटे आपूर्ति की जा रही है।