हाथरस। डॉ. भीमराव अंबेडकर विवि की परीक्षाओं को लेकर संशय गहराता जा रहा है। परीक्षा शुरू होने की अब एक और नई तिथि घोषित होने की चर्चा है। विवि ने तीन दिन पूर्व 21 मार्च परीक्षा शुरू होने की तिथि घोषित की थी, लेकिन अब 28 मार्च से परीक्षाएं शुरू करने का ऐलान कर दिया गया है। हालांकि अभी भी विश्वविद्यालय ने परीक्षा का कार्यक्रम जारी नहीं किया है, जिससे परीक्षार्थियों के सामने भ्रम की स्थिति है।
नई तारीख आने के बाद अब परीक्षार्थी परीक्षा की तैयारियों में फिर से जुट गए हैं, लेकिन कहीं न कहीं उनके मन में यह डर भी है कि फिर से विश्वविद्यालय परीक्षाएं रद नहीं कर दे। बार-बार परीक्षा की तारीखें बदलने से परीक्षार्थियों को अपना भविष्य अंधेरे में नजर आने लगा है। परीक्षार्थियों की राय में विश्वविद्यालय ने उनके भविष्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परीक्षा का माखौल बनाकर रख दिया है।
नोडल केंद्र पर कॉपियां आने का क्रम जारी
परीक्षा तिथि और कार्यक्रम को लेकर जरूर संशय हो, लेकिन विवि द्वारा नोडल केंद्र पीसी बागला महाविद्यालय में उत्तर पुस्तिकाओं को भेजने का क्रम जारी है। शुक्रवार को भी विवि से वाहन द्वारा उत्तर पुस्तिकाएं नोडल केंद्र पा आईं, जिनका वितरण परीक्षा केंद्र बनाए गए कॉलेजों के संचालकों व उनके प्रतिनिधियों को किया गया।
एनएसयूआई ने दी सुधरने की नसीहत
एनएसयूआई के उदयराज उपाध्याय व सोशल मीडिया प्रभारी आदित्य शर्मा ने विवि की मुख्य परीक्षा के बार बार स्थगित होने पर विवि के कुलपति को विवि के हालात सुधारने की नसीहत दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कुलपति स्तर से परीक्षाएं नहीं कराई गईं तो संगठन द्वारा उनकी बर्खास्तगी की मांग की जाएगी।
राजकमल फिर बागला के प्राचार्य
हाथरस। पीसी बागला महाविद्यालय में शुक्रवार को लंबी छुट्टी पर गए प्रभारी प्राचार्य मेजर राजकमल दीक्षित ने फिर से कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले उनके स्थान पर डॉ. आरके शर्मा प्रभारी प्राचार्य की भूमिका अदा कर रहे थे।
बोले परीक्षार्थी
-परीक्षा के नाम पर छात्र-छात्राओं के साथ हर बार मजाक किया जाता है। इस बार भी परीक्षा कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है।
-किरन कुमारी, बीए तृतीय वर्ष
-पहले परीक्षा एक मार्च से शुरू होनी थीं, फिर 11 मार्च और अब 21 मार्च से, लेकिन यह तिथि भी फाइनल नहीं है।
-कृतिका रॉय, बीए प्रथम वर्ष
-परीक्षा तिथि घोषित कर दी, लेकिन परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया। यह तो विवि की लापरवाही का नमूना है। इससे तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।
-कविता चौधरी, बीए तृतीय वर्ष