मुरसान के गांव नगला बाबू के निकट मैरिज होम में सगाई समारोह के दौरान फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, उनके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद हुआ।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मुरसान के गांव नगला बाबू के निकट एक मैरिज होम में सगाई समारोह के दौरान फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
विज्ञापन
घटना बृहस्पतिवार देर शाम की है। गांव नगला बाबू निवासी रमेशचंद्र के बेटे विकास का सगाई समारोह मैरिज होम में चल रहा था। समारोह में रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी थी। आरोप है कि इसके बाद तीन युवक मैरिज होम में पहुंचे और एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
इस दौरान एक युवक ने कपिल से गोली मारने के लिए कहा और दूसरे युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली गांव के ही कांति पुत्र गोपाल को निशाना बनाकर चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी, जिसमें कांति और नीरज घायल हो गए। फायरिंग से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। उनके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के साथ मारपीट भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन
मामले में दूल्हे की बहन बिनेश पुत्री रमेशचंद्र निवासी नगला बाबू की तहरीर पर पुलिस ने कपिल, कान्हा नागर निवासी बननई और ओमवीर निवासी बैरीसला के खिलाफ जानलेवा हमले सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात करीब 9:50 बजे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी मोनवीर सिंह का कहना है कि तीनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।