सादाबाद में ढाबे से अतिक्रमण हटाने के लिए टीम के साथ पहुंचे ईओ विकास जैन।
- फोटो : samvad
हाथरस रोड पर एसडीएम कोर्ट के सामने स्थित ढाबे के अतिक्रमण को हटाने के लिए शुक्रवार को नगर पंचायत और पुलिस की टीम जेसीबी लेकर पहुंची। टीम को देखकर मौके पर भीड़ जुट गई। ढाबा संचालक के समय मांगने पर कार्रवाई टाल दी गई। अधिकारियों ने शनिवार को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है।
नगर पंचायत ने 12 नवंबर को ढाबा संचालक को नोटिस जारी किया था। इसमें आगरा-हाथरस मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग की पटरी पर तंदूर और भट्टी रखकर अतिक्रमण करने का उल्लेख किया गया था। पटरी पर सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाला निर्माण का काम प्रभावित होने पर 24 घंटे में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। ऐसा न करने पर ध्वस्तीकरण की चेतावनी दी गई थी।
शुक्रवार को ईओ विकास जैन के नेतृत्व में टीम कार्रवाई के लिए पहुंची, लेकिन संचालक ने सुबह तक का समय मांगा। चेयरमैन प्रतिनिधि राधारमन अग्रवाल ने बताया कि शनिवार सुबह तक अतिक्रमण नहीं हटाया तो जेसीबी से ध्वस्त कराया जाएगा। संवाद