शहर के एक ज्वेलर्स के यहां आभूषण खरीदते ग्राहक। संवाद
- फोटो : samvad
त्योहार गुजरते ही सोने-चांदी के दामों में आई भारी गिरावट से सराफा बाजार में रौनक लौटने लगी है। दोनों धातुओं के भाव में 10 हजार रुपये से अधिक की कमी आने से ग्राहकों को राहत मिली है। आगामी सहालग को देखते हुए आभूषणों की खरीदारी और एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
त्योहारी सीजन में अंतरराष्ट्रीय बाजार की उठापटक और मांग के चलते सोना-चांदी के भाव ऊंचे स्तर पर पहुंच गए थे। इससे आम ग्राहकों ने खरीदारी टाल दी थी। अब दाम घटने पर गुड़हाई बाजार, कमला बाजार, नयागंज और बैनीगंज के आभूषण शोरूमों में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ रही है। नवंबर और दिसंबर में शादी वाले परिवार मंगलसूत्र, हार, कंगन, अंगूठी, पायल और बिछुआ खरीद रहे हैं। कई ग्राहक भाव फिर बढ़ने की आशंका में एडवांस बुकिंग भी करा रहे हैं।
सराफा कारोबारी सुधीर जैन के अनुसार, ऊंचे भाव के कारण खरीदारी से दूर रहने वाले ग्राहक अब बाजार में लौट रहे हैं। ज्वेलर्स दिलीप अग्रवाल ने बताया कि कीमतें घटने से मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट संतुलित हुआ है। भाव स्थिर रहे तो इस सहालग में सराफा कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है।