रेलमंत्री के नाम स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन देते पालिकाध्यक्ष।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
ईएमयू ट्रेन का संचालक किला स्टेशन से कराने के लिए भाजपा के शहर अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से भाजपाइयों ने अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव हाथरस सिटी स्टेशन पर करने की भी मांग की।
पत्र में उन्होंने कहा है कि ब्रिटिश काल से हाथरस किला से जंक्शन के लिए सवारी गाड़ियां चलती आ रही हैं। लेकिन, कोरोना काल के बाद यहां से ट्रेन के संचालक को रोक दिया गया है। एक मार्च से सभी गाड़ियों का आगमन प्रारंभ हो रहा है। जिसके चलते हाथरस किला से हाथरस-अलीगढ़-दिल्ली (एचएडी) को बंद करने का रेलवे विभाग का आदेश जारी किया गया है। जो किसी प्रकार से जनहित में उचित नहीं है। काफी समय से हाथरस के हजारों व्यापारी दो जून की रोटी कमाने के लिए दिल्ली से अनेकों तरह के सामान दिल्ली से लाकर यहां बाजारों में सप्लाई करते हैं। उससे उनकी कमर टूट जाएगी।
पत्र के माध्यम से भाजपाइयों ने ट्रेन में शौचालय वाली कोच लगाने की भी मांग की है। भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी वार्ष्णेय ने कहा कि कालका सुपर एक्सप्रेस का ठहराव हाथरस जंक्शन पर हुआकरता था, उसको भी बंद कर दिया गया है। हाथरस की आबादी पांच लाख से अधिक है। इसको देखते हुए कालका एक्सप्रेस गाड़ी के साथ-साथ अन्य एक्सप्रेस गाड़ियों का ठहराव भी हाथरस जंक्शन किया जाए। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिला उपाध्यक्ष रामकुमार माहेश्वरी ने कहा कि इज्जत नगर मंडल को आदेश जारी कर सभी लंबे रूट की गाड़ियों का स्टॉपेज हाथरस सिटी भी किया जाए।