संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोविड - 19 के कारण हाथरस किला से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को बंद कर दिया गया था। अब इस ट्रेन को एक मार्च से हाथरस जंक्शन स्टेशन से चलाया जा रहा है। ट्रेन के हाथरस किला स्टेशन से ही संचालन को लेकर पालिकाध्यक्ष ने रेल मंत्री के नाम एक ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक हाथरस जंक्शन को सौंपा। ज्ञापन के जरिए कहा है कि हाथरस किले से ट्रेन के संचालन न होने के कारण लोगों में आक्रोश है, जो कि आंदोलन का रूप ले सकता है।
ज्ञापन के माध्यम से कहा है कि हाथरस किला से दिल्ली जंक्शन तक जाने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन कोविड-19 के कारण बंद कर दी गई। ज्ञात हुआ है कि हाथरस किला से दिल्ली चलने वाली रेल एक मार्च से शुरू होगी, लेकिन यह गाड़ी हाथरस किला स्टेशन से न चलकर हाथरस जंक्शन से शुरू की जाएगी। इससे जनता व व्यापारी वर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता व मजदूरों में भारी रोष है।
रेलवे प्रशासन हाथरस किला स्टेशन को समाप्त करने की साजिश कर रहा है। मोदी सरकार के सबका साथ सबका विकास की नीतियों को रेलवे अधिकारी तोड़ रहे हैं। सरकार को बदनाम कर रहे हैं। यह रेलगाड़ी हाथरस किला स्टेशन से शुरू नहीं की गई तो हाथरस में जन आंदोलन होगा। लोग सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे जिसकी जिम्मेदारी रेलवे की होगी।